जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राही को मिली राहत, मुख्यमंत्री के सुशासन तिहार का किया आभार’
जिला कोरिया 27 मई 2026/ राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विभिन्न ग्रामों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरिया जिले के ग्राम फूलपुर में आयोजित शिविर में डोंगरीपारा निवासी उमेंद्र सिंह को मत्स्य पालन विभाग द्वारा निःशुल्क मछली जाल प्रदान किया गया, जिससे उन्हें आजीविका के कार्य में सहूलियत मिलेगी।
उमेंद्र सिंह ने बताया कि वे लंबे समय से मछली पालन एवं मत्स्य व्यवसाय से जुड़े हुए हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
सुशासन तिहार के दौरान आयोजित शिविर में उन्होंने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मत्स्य पालन विभाग द्वारा उन्हें निःशुल्क मछली जाल उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने कहा कि शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और मौके पर ही समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों का शासन- प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
उमेंद्र सिंह ने विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार वास्तव में जनहितकारी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान होने से उन्हें राहत मिली है तथा अब वे अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकेंगे।
एक टिप्पणी भेजें