टूटी छत से सुरक्षित आशियाने तक- ड्राइवर भोलाराम की जिंदगी ने पकड़ी नई राह’
’प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली तकदीर, अब परिवार के साथ सुकून और सपनों का घर’
जिला कोरिया 27 अप्रैल 2026/ जब किसी जरूरतमंद तक सरकारी योजना का लाभ सही समय पर पहुंचता है, तो वह केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि जीवन में नई उम्मीद और खुशियों का संचार बन जाता है।
ऐसा ही एक प्रेरक उदाहरण बैकुण्ठपुर जनपद के ग्राम पंचायत खोड़री में देखने को मिला, जहां पेशे से ड्राइवर भोलाराम के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। दूसरों की गाड़ियां चलाकर महीने के केवल 6-7 हजार रुपये कमाने वाले भोलाराम के लिए पक्के मकान का सपना कभी हकीकत नहीं लगता था। कच्चे घर में परिवार के साथ जीवन बिताना उनकी मजबूरी थी। बारिश के मौसम में हालात और भी कठिन हो जाते थे। उनकी पत्नी हेमा बताती हैं कि जब भोलाराम काम के सिलसिले में बाहर रहते थे, तब उन्हें अपने और बच्चे की सुरक्षा को लेकर हर पल डर बना रहता था।
लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने इस परिवार की जिंदगी बदल दी। गत वर्ष योजना के तहत चयनित होने के बाद उन्हें पक्के घर के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता मिली। इसके बाद भोलाराम और उनकी पत्नी ने दिन-रात मेहनत कर महज चार से पांच महीनों में अपना नया आशियाना तैयार कर लिया।
आज भोलाराम का परिवार सुरक्षित और खुशहाल जीवन जी रहा है। पत्नी हेमा के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका सबसे बड़ा सपना पूरा हो गया है। वे अपने बच्चे की शिक्षा पर ध्यान देकर उसे बेहतर भविष्य देना चाहते हैं।
إرسال تعليق